कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से 4 लोग बुरी तरह जख्मी, अस्पताल में भर्ती
HNN/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर में शुक्कर खड्ड पुल के पास एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से 4 लोग बुरी तरह जख्मी हुए है। घटना के बाद गाड़ी सवार 4 घायलों को बाहर निकाला तथा एंबुलेंस के माध्यम से भोटा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में सभी का उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा नंबर की गाड़ी ऊना से हमीरपुर जा रही थी। इस दौरान जब गाड़ी शुक्कर खड्ड पुल के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर पुल के साथ लगती अप्रोच दीवार को तोड़कर नीचे की तरफ लुढ़क गई। गनीमत रही कि गाड़ी पेड़ों के बीच में फंस कर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
इस हादसे में चालक सहित 4 लोगाें को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। भोटा पुलिस सहायता कक्ष के प्रभारी राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।