कालका-शिमला एनएच पर बसों की आवाजाही शुरू, बड़े ट्रक इस दिन चलाए जाएंगे……
HNN/ सोलन
कालका-शिमला नेशनल हाइवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए काफी राहत की खबर सामने आई है। बता दें चक्की मोड़ के पास भूस्खलन से बंद हुआ मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो गया है। वहीं मार्ग बहाल होने से वाहन चालकों ने भी काफी राहत की सांस ली है।
चंडीगढ़ से शिमला के लिए करीब आठ दिन बाद लोगों को सीधी बस सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। इसके साथ अब शुक्रवार यानी 11 अगस्त से बड़े ट्रक भी यहां से चलाने की उम्मीद है। वहीं मौसम साफ रहा तो कुछ बड़े ट्रकों को शाम को भी ट्रायल के तौर पर गुजारा जा सकता है।
गौरतलब है कि कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच एक अगस्त को चक्की मोड़ के पास रात करीब 02:45 बजे बंद हो गया था। इसके बाद इसे खोलने के लगातार प्रयास किए जा रहे थे। वहीं वाहनों को वैकल्पिक सड़कों से गंतव्य की ओर भेजा जा रहा था। हालात यह थे कि पैदल चलने के लिए भी लोगों को करीब दो किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा था।
बसें भी चक्की मोड़ तक ही मिल पा रही थी। इसके बाद लोग दूसरे छोर पर जाकर गंतव्य की ओर जा रहे थे। अभी भी यहां पर पहाड़ी से मलबा आने का खतरा बना हुआ है। यहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है जो एक समय पर एक तरफ से वाहनों को गुजार रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की लोगों को परेशानी न हो। इसके साथ फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी की मशीनें और स्टाफ भी मौके पर तैनात है।