काला अंब में एनएच 07 से गुजरना वाहन चालकों के लिए बना काला पानी
सिरमौर जिला के काला अंब से गुजरने वाला एनएच 07 इन दिनों बेहद खस्ताहाल हो चुका है। मुख्य बैरियर से सैनवाला तक सड़क पर गहरे गड्ढों की भरमार है, जो हाल की भारी बारिश के बाद पानी से लबालब भर गए हैं। इससे सड़क पर आवाजाही वाहन चालकों के लिए किसी सज़ा से कम नहीं रही।
काला अंब
गड्ढों से बढ़ रहा खतरा
पानी से भरे गड्ढों के कारण बड़े वाहनों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है, जबकि दोपहिया चालकों के लिए ये गड्ढे दुर्घटना का बड़ा कारण बन रहे हैं। खासकर रात के समय हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
औद्योगिक इकाइयों पर असर
एनएच 07 की खराब हालत का सबसे अधिक खामियाजा औद्योगिक इकाइयों के मालिकों और श्रमिकों को उठाना पड़ रहा है। सस्पेंशन और टायर खराब होने से आर्थिक नुकसान के साथ समय की बर्बादी भी बढ़ रही है।
एनएच अथॉरिटी पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की इस दुर्दशा के बावजूद एनएच अथॉरिटी उदासीन बनी हुई है। मिंटू चौधरी, रामलाल, दिनेश कुमार और रोहित शर्मा सहित अन्य निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुधार कार्य जल्द शुरू किया जाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।