किन्नौर के भूतपूर्व सैनिकों ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में निकाली रैली , आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
किन्नौर
भूतपूर्व सैनिकों ने उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालकर आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी
जनजातीय जिला किन्नौर के भूतपूर्व सैनिकों ने कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के विरोध में आज एक रैली का आयोजन किया। रैली बचत भवन से प्रारंभ होकर उपायुक्त कार्यालय तक निकाली गई, जहां भूतपूर्व सैनिकों ने हमले में मारे गए निर्दोष पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
भूतपूर्व सैनिकों ने की आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
भूतपूर्व सैनिकों ने इस बर्बर आतंकी घटना की तीखी निंदा करते हुए भारत सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्दोष पर्यटकों पर किया गया यह कृत्य मानवता के खिलाफ है और इसके लिए कड़ी जवाबी कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।
रैली में बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक हुए शामिल
इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष इंद्र नेगी, प्रथम अध्यक्ष राजीव नेगी, सचिव मनोहरी लाल, मीडिया प्रभारी टाशी मेहता सहित बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ कठोर कदम उठाने का आह्वान किया।