किन्नौर के 3000 विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन में दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण, स्कूलों में शुरू हुआ जागरूकता अभियान
किन्नौर
आपदा प्रबंधन के तहत स्कूली छात्रों को किया जाएगा प्रशिक्षित
जिला किन्नौर के पूह खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिब्बा में गृह रक्षा, अग्निशमन विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों को भूकंप, आगजनी, सड़क दुर्घटनाओं, हिमस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान बचाव कार्य और प्राथमिक चिकित्सा के गुर सिखाए गए।

78 विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण
इस जागरूकता शिविर में लगभग 78 विद्यार्थियों और अन्य लाभार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने आपदा के दौरान सुरक्षा उपायों और बचाव तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी।
पूरे जिले में चलेगा अभियान
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर ने पूरे जिले में आपदा जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस कार्यक्रम के तहत किन्नौर के दूरदराज के स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रम का पहला चरण 13 मई से 23 मई 2025 तक पूह ब्लॉक में संचालित किया जाएगा।
3000 विद्यार्थियों को किया जाएगा प्रशिक्षित
इस जागरूकता अभियान के तहत किन्नौर जिले के लगभग 3000 विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद कल्पा और निचार ब्लॉक में भी आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्देश्य यह है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में छात्र-छात्राएं सतर्क और जागरूक रहें।