किसानों और कृषि अधिकारियों को राष्ट्रीय नाशीजीव निगरानी प्रणाली ऐप का प्रशिक्षण दिया गया
Himachalnow / नाहन
कृषि उपनिदेशक राजकुमार ने जानकारी दी कि भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत वनस्पति संरक्षण, संगरोध एवं संग्रह निदेशालय के तत्वावधान में केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, सोलन के सहयोग से नाहन में किसानों और कृषि अधिकारियों को राष्ट्रीय नाशीजीव निगरानी प्रणाली ऐप का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों और अधिकारियों को ऐप का उपयोग करते हुए फसलों में लगने वाले कीट और बीमारियों के फोटो अपलोड करने और उसके आधार पर मिलने वाली जानकारी का प्रदर्शन किया गया। ऐप की मदद से अब किसान एक क्लिक पर फसलों में लगने वाले कीट और बीमारियों की पहचान के साथ-साथ उनका समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी शिवांगी धीमान और कृषि प्रसार अधिकारी पल्लवी धीमान ने किसानों से संवाद किया और ऐप के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने व अन्य किसानों तक इसका प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया। इस प्रशिक्षण में मंगलेश पटियाल, अजय कुमार, वैज्ञानिक सहायक और सोलन से आई टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।