किसानों के साथ धोखा कर रही केंद्र सरकार- राजेंद्र ठाकुर
दिल्ली में हुई किसान महापंचायत में सिरमौर से तीन दर्जन किसान प्रतिनिधियों ने लिया भाग
HNN/ नाहन
किसानों की मांगों को लेकर दिल्ली रामलीला मैदान में हुई किसान महापंचायत में जिला सिरमौर से किसान सभा के महासचिव राजेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में तीन दर्जन किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है और आपराधिक कार्यवाहियां की जिसे देश का किसान केंद्र सरकार की भर्त्सना करते हैं।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी जायज मांगों को सरकार के समक्ष शांतिपूर्वक रखते आ रहे हैं लेकिन सत्ता के नशे में सरकार किसानों पर दमन कर रही है। किसानों की मांग है कि किसानों को फसलों के लाभकारी मूल्य की कानूनी गारंटी दी जाए और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार सरकार सी2+50 फीसदी फसलों का मूल्य निर्धारित करें।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के कर्जे माफ करें क्योंकि छोटा मोटा बीज खाद के लिए लिए गए ऋण से किसानों की कुड़की कर ली जाती है और देश में पिछले अंतराल में सरकार ने पूंजीपतियों और धन्नासेठों को 14 लाख करोड़ से ज्यादा के कर्जे माफ कर दिए।
ये सरकार किसानों व आम जनता की है या बड़े बड़े धन्नासेठों की। हम सरकार की इन नीतियों का विरोध करते है तथा सरकार को चेतावनी देते हैं कि समय रहते किसानों की बात गंभीरता से सुनी जाए अन्यथा खेत मे किसान और बॉर्डर पर जवान ही असली देश के रखवाले व पालनहार है।