Loading...

कुमारहट्टी में हाईवे पर गिरा डंगा, यातायात प्रभावित

NEHA • 16 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

सोलन जिले के कुमारहट्टी में कालका-शिमला हाईवे पर भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी पर लगाया गया डंगा भरभराकर हाईवे पर गिर गया है, जिससे बड़ी मात्रा में पत्थर और मलबा सड़क पर आ गया है। इस घटना से फोरलेन की एक लेन पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।

वाहनों की आवाजाही दूसरी लेन में डायवर्ट की गई है। गनीमत यह रही कि जिस दौरान डंगा गिरा उस समय कोई वाहन सड़क से नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। साथ लगता एक मकान भी खतरे की जद में आ गया है। पुलिस मौके पर तैनात है और आवाजाही को सुचारू रूप से चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। भूस्खलन के कारणों की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे घटनास्थल से दूर रहें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।