कुल्लू अस्पताल से फरार आरोपी को होशियारपुर से किया काबू, साथी भी गिरफ्तार
HNN/कुल्लू
जिला के क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू से फरार हुए नशा तस्करी के आरोपी और उसके साथी को पुलिस ने होशियारपुर से गिरफ्तार कर लिया है। फरार हुए आरोपी की पहचान संदीप पुत्र केवल कृष्ण निवासी होशियारपुर पंजाब और उसके साथी की पहचान रवि उर्फ हरपाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, संदीप नशा तस्करी के मामले में न्यायिक हिरासत में था। बीमार होने पर उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। इस दौरान 5 फरवरी को वह अपनी तीमारदारी के लिए बुलाए गए अपने साथी रवि उर्फ हरपाल सिंह के साथ भाग गया था। अब पुलिस ने दोनों को होशियारपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने संदीप कुमार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि उसके साथी रवि उर्फ हरपाल को पंजाब से 3 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर कुल्लू लाया गया है। इन पर अब दोहरे मामले दर्ज हुए हैं। एसपी डाॅ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।