कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में चंडीगढ़ के युवक की मौत
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में चंडीगढ़ के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान मुकुल निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
प्राप्त जानकरी के अनुसार, युवक पार्वती घाटी में घूमने आया था। इस दौरान जब वह पुलगा से मणिकर्ण की तरफ आ रहा था तो रास्ते में अचानक ही गिर गया और बेहोश हो गया। जिसके बाद उसे एंबुलेंस से उपचार के लिए जरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शव गृह में रखवा दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एसपी डाॅ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने घटना की पुष्टि की है।