कुल्लू में हादसे का शिकार हुई टीवी एक्ट्रेस वैभवी उपाध्याय की कार, मौके पर तोड़ा दम

By Ankita Published: 24 May 2023, 5:49 PM | Updated: 24 May 2023, 5:56 PM 1 min read

मंगेतर जय सुरेश गांधी के साथ कुल्लू की वादियों में आई थी घूमने, हादसे में वह भी हुए घायल

HNN/ कुल्लू

जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार में टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई, जिस कारण उनकी मौत हो गई है।

वहीं इस हादसे में वैभवी के साथ गाड़ी में सवार उनके मंगेतर जय सुरेश गांधी घायल हुए हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।

जानकारी के मुताबिक, वैभवी अपने मंगेतर के साथ कुल्लू की वादियों में घूमने के लिए आई हुई थी। इस दौरान जब वह औ‍ट से बंजार की ओर जा रही थी, तो जैसे ही उनकी गाड़ी सिधवा के पास पहुंची तो अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर 50 फीट नीचे जा गिरी।

जब स्थानीय लोगों ने गाड़ी को खाई में दुर्घटनाग्रस्त देखा तो उन्होंने बचाव व राहत का कार्य करते हुए घायल को गाड़ी से बाहर निकाला और तुरंत बंजार अस्पताल पहुंचाया। वहीं इस घटना में वैभवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।

बता दें वैभवी ने कई टीवी शोज में काम किया था। वैभवी को बड़ी पहचान सीरियल ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ से मिली थी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की पुष्टि एसपी साक्षी वर्मा ने की है।