HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ इन दिनों बर्फ से लकदक है। बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते प्रदेश के पहाड़ चांदी की तरह चमक रहे हैं। वहीं बाहरी राज्यों के सैलानी भी बर्फबारी के दीदार को हिमाचल प्रदेश का रुख कर रहे हैं। शनिवार के बाद रविवार को भी लाहौल के पर्यटन स्थल कोकसर व मनाली के पर्यटन स्थल गुलाबा में पर्यटकों का मेला लगा रहा। यहां रोजाना हजारों पर्यटक वाहन पहुंच रहे हैं।
खिली धूप के बीच पर्यटकों ने दिन भर बर्फ में खेलने का आनंद लिया। इसके साथ ही पर्यटन नगरी मनाली भी इन दिनों सैलानियों से पूरी तरह से गुलजार है। खास तौर पर वीकेंड के चलते देश के कोने-कोने से सैलानी इन दिनों पर्यटन नगरी मनाली का रुख कर रहे हैं। इतना ही नहीं पर्यटक अटल टनल रोहतांग सहित सिस्सू में भी पहुंच रहे हैं।
आने-जाने वाले पर्यटक अटल टनल के नार्थ पोर्टल में फोटोग्राफी का आनंद ले रहे हैं। उधर, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि बर्फबारी के बाद पर्यटन कारोबार बेहतर हुआ है। मनाली आने वाले पर्यटक वाहनों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों के दौरान पर्यटन कारोबार और अधिक रफ्तार पकड़ेगा।

