Loading...

कांगड़ा में विकास कार्यों पर 122 करोड़ रुपये खर्च, पीएमजीएसवाई की 38 सड़कें तैयार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 17 Mins Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आवंटित 133 करोड़ रुपये में से अक्तूबर तक 122 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना 3.0 के तहत स्वीकृत 78 सड़कों में से 38 का निर्माण पूरा हो गया है, जबकि 40 सड़कों पर काम जारी है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय में पूरा करने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

धर्मशाला

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्य अभियंता कार्यालय धर्मशाला में लोक निर्माण विभाग के कांगड़ा जोन की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष के तहत स्वीकृत 22 परियोजनाओं में से 17 पूरी हो चुकी हैं और पांच पर काम चल रहा है। इस मद में प्राप्त 41 करोड़ रुपये में से अब तक 10 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। जिले में आठ राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण भी प्रगति पर है।

नाबार्ड परियोजनाओं पर 42 करोड़ रुपये खर्च

मंत्री ने बताया कि नाबार्ड के तहत प्राप्त 64 करोड़ रुपये में से अक्तूबर तक 42 करोड़ रुपये विभिन्न विकास परियोजनाओं के निर्माण पर खर्च किए जा चुके हैं। जिले में स्वीकृत 13 पुलों में से दो का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जबकि नौ पुलों का काम प्रगति पर है। तकनीकी कारणों के चलते दो पुलों का निर्माण फिलहाल रोका गया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से लंबित कार्यों की नियमित निगरानी करने और तकनीकी बाधाओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

अनावश्यक देरी पर कार्रवाई के संकेत

विक्रमादित्य सिंह ने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता देकर व्यक्तिगत रुचि और तत्परता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को कार्यस्थलों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक विकास जगोता, मुख्य अभियंता विकास सूद तथा कांगड़ा जोन के विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Topics: •