कोठी-रोहतांग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद, गुलाबा बैरियर भी….
HNN/ कुल्लू
खराब मौसम की स्थिति और रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी के चलते व रास्ते पर फिसलन के कारण कोठी से रोहतांग के बीच मार्ग को बीआरओ द्वारा वाहनों की आवाजाही के लिए बन्द किया गया है जिसपर 18 नवंबर के बाद कोई भी मदद उपलब्ध करवाना संभव नहीं होगा।
उपायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उपमंडल अधिकारी मनाली ने यह रिपोर्ट दी है कि अत्यंत ठंडे मौसम की स्थिति के कारण कोठी से मडही की सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए सही नहीं है। अतः गुलाबा स्थित बैरियर को कोठी स्थानांतरित किया गया है क्योंकि कोठी से रोहतांग तक की सड़क बर्फ जम जाने के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए सही नहीं है।
उपायुक्त ने उपमंडल अधिकारी मनाली एवं कमांडिंग ऑफिसर, 70 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी तथा जनहित को मध्य नजर रखते हुए मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के अंतर्गत के आदेश पारित किए हैं कि गुलाबा बैरियर को कोठी में स्थानांतरित किया जाए तथा अगले आदेशों तक कोठी से रोहतांग के लिए कोई भी वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी।