कोल्ड स्टोर के नाम पर 6.90 करोड़ का लोन, अदायगी न होने पर मशीनरी कर दी गायब
रिकवरी नोटिस के बाद गिरवी सामान हटाने का आरोप, मरिकवरी नोटिस के बाद गिरवी सामान हटाने का आरोप, महिला के खिलाफ केस दर्ज
हिमाचल दस्तक जिला ब्यूरो, राजगढ़
जिला सिरमौर के पुलिस थाना राजगढ़ में कोल्ड स्टोर निर्माण के लिए लिए गए 6.90 करोड़ रुपये के बैंक ऋण मामले में एक महिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामला स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की स्ट्रेस्ड एसेट्स रिकवरी ब्रांच शिमला की शिकायत पर दर्ज हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोप है कि लोन की राशि से खरीदी गई मशीनरी और अन्य सामान, जिसे बैंक के पास गिरवी रखा गया था, उसे रिकवरी की प्रक्रिया शुरू होने के बाद मौके से हटा दिया गया।
शिकायत में कहा गया है कि सनौरा तहसील राजगढ़ निवासी उषा कंवर ने वर्ष 2023 में एसबीआई परवाणू शाखा से कोल्ड स्टोर निर्माण के लिए 6.90 करोड़ रुपये का ऋण लिया था।
बैंक के अनुसार ऋण की किश्तें नियमित रूप से जमा नहीं की गईं, जिसके चलते खाता एनपीए घोषित कर रिकवरी की प्रक्रिया शुरू की गई और नोटिस जारी किया गया।
आरोप है कि नोटिस मिलने के बाद उषा कंवर ने अपने पति अनिल सचदेवा के साथ मिलकर ऋण से खरीदी गई मशीनरी और अन्य सामान को कोल्ड स्टोर परिसर से हटा दिया।
बैंक का कहना है कि यह संपत्ति बैंक के पास विधिवत गिरवी रखी गई थी और उसे हटाना अमानत में खयानत की श्रेणी में आता है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।