HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में क्रिप्टो करेंसी ठगी मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी ने मामले के तीन मुख्य आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। एसआईटी के अनुसार मामले में तीन मुख्य आरोपी शामिल हैं। आरोपियों में सुभाष शर्मा, सुखदेव ठाकुर, हेमराज ठाकुर और अन्य शामिल हैं। सभी आरोपी हिमाचल के बताए जा रहे हैं।
इनमें से दो मुख्य आरोपियों हेमराज और सुखदेव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के लिए उनका पुलिस रिमांड लिया जा रहा है। एसआईटी के अनुसार जो भी व्यक्ति मामले में कोई जानकारी साझा करना चाहता है, वह डीआइजी उत्तरी रेंज धर्मशाला में संपर्क कर सकता है।
26 सितंबर को क्रिप्टो करेंसी ठगी मामलों की जांच के लिए अभिषेक दुल्लर डीआइजी-एनआर धर्मशाला अध्यक्षता में 13 सदस्यों वाले विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। एसआईटी को राज्य में क्रिप्टो करेंसी के ठगी मामले को लेकर बड़े पैमाने पर जांच करने के निर्देश दिए गए। एसआईटी को क्रिप्टो करेंसी से जुड़े मामलों की वित्तीय समेत पेशेवर और निष्पक्ष जांच करने के भी निर्देश दिए गए थे।
इस ठगी से शिकायतकर्ताओं ने सामूहिक रूप से 18 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की सूचना दी है। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि हिमाचल में क्रिप्टो करेंसी घोटालों के सरगनाओं का पता लगा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

