HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए कारोबारियों ने तैयारियां अभी से शुरू कर दी है। हालांकि इन दिनों भी भारी संख्या में सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। परंतु क्रिसमस और न्यू ईयर पर प्रदेश के पर्यटन स्थलों में सैलानियों की भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है। पर्यटन विकास निगम और शहर के निजी होटलों ने क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए पैकेज जारी करने शुरू कर दिए हैं।
ट्रेवल एजेंट्स ने भी दिल्ली और चंडीगढ़ से शिमला और मनाली के लिए टूर पैकेज जारी किए हैं। वहीँ, इन दिनों सैलानियों की उमड़ी भीड़ के चलते पर्यटन कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ी है। आगामी दिनों के दौरान प्रदेश में उमड़ने वाली सैलानियों की भीड़ से पर्यटन कारोबार और अधिक तेजी पकड़ेगा। क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।
शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा के होटल और होम स्टे की बुकिंग में तेजी आई है। वहीँ, शुक्रवार को भी हिल्स क्वीन शिमला में सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। वीकेंड के लिए शुक्रवार को ही बाहरी राज्यों के सैलानियों ने पहाड़ों का रुख करना शुरू कर दिया है। शनिवार और रविवार को भारी संख्या में सैलानी रिज मैदान सहित माल रोड पर चलकदमी करते नजर आएंगे।
उधर, होटल कारोबारियों ने बताया कि शिमला में अब केवल बर्फबारी का इंतजार है। अगर जल्द ही बर्फबारी होती है तो पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होगा। क्योंकि बाहरी राज्यों के पर्यटक प्रदेश में बर्फबारी की चाह लेकर यहां पहुंचते है।

