क्रिसमस व न्यू ईयर से पहले कालका-शिमला हैरिटेज रेलवे ट्रैक पर दौड़ेगी हॉलीडे स्पेशल ट्रेन
HNN / शिमला
हिल्स क्वीन सैलानियों को काफी पसंद आ रही है। यही कारण है कि शिमला में आठ दिसंबर तक 70 फीसदी होटलों और पार्किंग की बुकिंग हो चुकी है। सैलानी यहां क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में कालका-शिमला हैरिटेज रेलवे ट्रैक पर क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले हॉलीडे स्पेशल ट्रेन चलेगी। कालका और शिमला के बीच चलने वाली गाड़ियां में यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी के मद्देनजर रेलवे प्रबंधन ने हॉलीडे स्पेशल गाड़ी चलाने का फैसला लिया है।
कालका और शिमला के बीच इन दिनों रेल मोटर कार सहित 6 गाड़ियां चल रही हैं। इन दिनों सभी गाड़ियां पैक हैं। अगले हफ्ते के लिए गाड़ियों में वेटिंग 60 से 70 तक पहुंच गई है। क्रिसमस और न्यू ईयर से 4 दिन पहले के लिए अधिकतर गाड़ियों में बुकिंग पूरी होने पर इसे बंद कर दिया है।
वहीं इस संबंध में मनदीप सिंह भाटिया मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अंबाला ने बताया कि कालका और शिमला के बीच क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए हॉलीडे स्पेशल गाड़ी का संचालन शुरू करने की तैयारी है। समय तय होते ही गाड़ी का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। एक गाड़ी कालका से शिमला दूसरी शिमला से कालका रवाना होगी।