Loading...

खजुरना पुल पर बस-ट्रक की जोरदार भिड़ंत, शीशे तोड़कर निकाले गए यात्री

Shailesh Saini • 26 Apr 2026 • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

पांवटा साहिब-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर खजुरना पुल के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उत्तराखंड परिवहन निगम की बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। गनीमत यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दरवाजा लॉक हो गया। दरवाजा न खुलने के कारण बस के अंदर फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। ऐसे में मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस के टूटे हुए आगे के शीशे से एक-एक कर सभी यात्रियों को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि बस पांवटा साहिब से दोसड़का की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक नाहन की ओर से आ रहा था। खजुरना पुल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति भी बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित कर यातायात सुचारू किया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। बरहाल, बड़ा हादसा टलने से यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Related Topics: