खेत का एक हिस्सा ढहा, मलबे में दबे चार मजदूर, एक महिला की मौत, तीन की हालत नाजुक
HNN/बिलासपुर
प्रदेश में भारी बारिश के कारण लगातर हो रहे हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बिलासपुर जिला के नम्होल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टेपरा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां चार लोग मलबे में दब गए हैं। हादसे में एक महिला की जान चली गई जबकि तीन मजदूर घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए एम्स बिलासपुर अस्पताल में ले जाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नम्होल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ध्याल पंचायत के टेपरा गांव में तीन महिलाएं व एक पुरुष डंगे का निर्माण कार्य में कर रहे थे कि अचानक उनके ऊपर खेत का एक भाग गिर गया और चारों मजदूर मलबे में दब गए।
जब स्थानीय लोगों को इस हादसे की सूचना मिली तो सभी लोगों द्वारा चारों मजदूर को मलबे से बाहर निकाला गया। जिसके बाद चारों मजदूरों को उपचार के लिए एम्स बिलासपुर में ले जाया गया। उपचार के दौरान डॉक्टर ने बताया कि चारों मजदूरों में से एक महिला की मौत हो गई है और बाकी के तीन मजदूरों की हालत नाजुक है।
राजकुमार डीएसपी हैडक्वार्टर द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।