खेल और अन्य गतिविधियों के लिए इस दिन तक बंद रहेगा पड्डल मैदान……
HNN/मंडी
जिला मंडी में अग्निवीर भर्ती के चलते पड्डल मैदान और स्टेडियम सभी खेलों और अन्य गतिविधियों के लिए 11 दिन तक बंद रहेगा। मैदान में 16 दिसंबर से कोई भी सामान्य गतिविधियां नहीं होंगी। भर्ती रैली को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। बता दें कि 20 से 26 दिसंबर तक मंडी के पड्डल मैदान में मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जा रही है।
जिसके लिए चार दिन पहले ही तैयारियां शुरू हो जाएंगी। इस दौरान पड्डल मैदान आम लोगों के लिए पूरी तरह से बंद रहेगा। यहां आने वाले उम्मीदवारों को भी प्रवेश पत्र में दर्शाई तिथि के अनुरूप ही पड्डल मैदान में आना होगा। बता दें कि भर्ती मैदान में उम्मीदवारों को बिना एडमिट कार्ड के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पड्डल मैदान में स्थानीय लोगों के लिए खेल समेत अन्य गतिविधियों का केंद्र है। यहां सुबह, शाम स्थानीय लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। दोपहर को धूप सेंकने के लिए यहां लोग बैठते हैं। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी मंडी दीप्ति वैद्य ने खिलाड़ियों, जनता, बुजुर्गों से सहयोग करने का आह्वान किया है, ताकि भारतीय सेना भर्ती का सफल आयोजन पड्डल में हो सके।