Loading...

खोले गए केदारनाथ मंदिर के कपाट, 35 क्विंटल फूलों से सजाया गया परिसर

Ankita • 25 Apr 2023 • 1 Min Read

उत्तराखंड में केदारनाथ मंदिर के कपाट मंगलवार सुबह खुल गए। इस दौरान हजारों श्रद्धालु मौके पर मौजूद रहे। केदारधाम हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। इस खास मौके पर मंदिर परिसर को 35 क्विंटल फूलों से सजाया गया। मंत्रोच्चारों और आर्मी बैंड की मधुर धुनों के साथ भगवान केदारनाथ के कपाट सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर खोले गए।

केदारनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी जगद्गुरु रावल भीम शंकर लिंग शिवाचार्य ने कपाट खोले। मंदिर के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं ने केदारधाम में दर्शन किए। श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र गंगोत्री, यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू हो गई है।

चारधाम की यात्रा के लिए उत्तराखंड की सरकार ने श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया है। उत्तराखंड सरकार की वेबसाइट पर अगर आपने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया तो श्रद्धालु हरिद्वार में बस स्टैंड के पास जिला पर्यटन केंद्र पहुंचकर भी ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

इसके लिए आधार कार्ड अनिवार्य होगा। उत्तराखंड सरकार के मुताबिक चारधाम यात्रा के लिए अब तक 13 लाख से भी ज्यादा यात्री अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। कोरोना महामारी के बाद चारधाम यात्रा के शुरू होने पर श्रद्धालुओं की तादाद में हुए इजाफे से उत्तराखंड सरकार भी खुश है।