Loading...

कांगड़ा / गगल एयरपोर्ट प्रभावित परिवारों को 1950 करोड़ मुआवजा वितरित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 23 Feb 2026 • 1 Min Read

गगल एयरपोर्ट विस्तार के तहत प्रभावित परिवारों को अब तक लगभग 1950 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि दी जा चुकी है। शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि करीब चार हजार लोगों को भू-अधिग्रहण का भुगतान किया गया है।

कांगड़ा/शाहपुर

करीब 4 हजार लोगों को मिला मुआवजा

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कुठमां में स्वर्गीय गजय राणा की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गगल एयरपोर्ट के तहत अधिग्रहित भूमि के एवज में लगभग 1950 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। आवेदन करने वाले पात्र लोगों को भुगतान कर दिया गया है।

एयरोसिटी परियोजना के लिए भूमि चिन्हित

उन्होंने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के पास एयरोसिटी विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए आवश्यक भूमि भी चिन्हित की जा चुकी है, जिससे क्षेत्र में विकास और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

बारिश से हुए नुकसान की मरम्मत होगी

केवल सिंह पठानिया ने बताया कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण गगल एयरपोर्ट की चारदीवारी के समीप नुकसान हुआ था, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग कई बार बाधित रहा। इस विषय को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया है और आगामी बरसात से पहले मरम्मत कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

खेलों के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान

उन्होंने आयोजन समिति को सफल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेलों की ओर युवाओं का बढ़ता रुझान सकारात्मक संकेत है। इस प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा की 16 टीमों ने भाग लिया।

इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Related Topics: