Loading...

गरीब परिवार पर टूटा कहर, देर रात रसोई पर गिरा विशाल बरगद का पेड़, पांच बकरियां और 15-20 मुर्गियां दबी

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ग्राम प्रधान चेतन चौहान ने मौके पर पहुंचकर की फौरी सहायता, प्रशासन से उचित राहत दिलाने का दिया भरोसा

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन।

नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बनकला के मालोवाला गांव में गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। गुज्जर समुदाय से संबंध रखने वाले सुलेमान के घर की रसोई पर अचानक विशाल बरगद का पेड़ गिर गया।

गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित रहे और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन रसोई पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। पेड़ के नीचे परिवार की पांच बकरियां और करीब 15 से 20 मुर्गियां दब गईं, जबकि घर में रखा राशन भी पूरी तरह खराब हो गया।

दूध बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले सुलेमान के सामने इस हादसे के बाद आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।घटना की सूचना शुक्रवार सुबह करीब सात बजे ग्राम पंचायत बनकला के प्रधान चेतन चौहान को दी गई। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे, प्रभावित परिवार का हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

उन्होंने अपनी ओर से फौरी आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवाई।ग्राम प्रधान ने हल्का पटवारी को मौके पर बुलाकर नुकसान का आकलन करवाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार परिवार को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

ग्राम प्रधान चेतन चौहान ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। पंचायत प्रभावित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। प्रशासन से उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।

Related Topics: