Loading...

गर्मी से निजात पाने के लिए शिमला में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, 40 फीसदी तक पहुंची ऑक्यूपेंसी

Ankita 14 Apr 2023 Edited 14 Apr 1 min read

HNN/ शिमला

मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए वीकेंड पर बड़ी संख्या में सैलानी हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंचे हैं। वीरवार से ही राजधानी शिमला सहित मशोबरा, चायल, कुफरी और नारकंडा में सैलानियों का तांता लगा रहा। सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से होटलों में ऑक्यूपेंसी बढ़कर 40 फीसदी तक पहुंच गई है।

वीकेंड पर शनिवार को कमरों की बुकिंग 80 फीसदी तक पहुंचने की उम्मीद है। गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इस हफ्ते वीकेंड पर छुट्टी के चलते सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है। इससे शहर के पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। वीरवार को पूरा दिन सैलानियों के शिमला पहुंचने का क्रम चलता रहा।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी और दिल्ली से बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन शनिवार को शिमला पहुंचे। रिज मैदान और मालरोड पर शनिवार को पूरा दिन सैलानियों का तांता लगा रहा। सैलानियों ने रिज पर फोटोग्राफी और घुड़सवारी का लुत्फ उठाया। लक्कड़ बाजार, मालरोड और लोअर बाजार में सैलानियों ने खरीददारी का आनंद लिया।