गहने और नकदी की चोरी करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर में नादौन के तहत आने वाले वार्ड नंबर दो में गहने और नकदी की चोरी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कमल ठाकुर पुत्र बलविंदर सिंह गांव तलयंगार डाकघर डंगार घुमारवीं तथा शिवकुमार पुत्र गौरीशंकर गांव देहरी डाकखाना खुंडिया के रूप में हुई है।
बता दें कि 4 नवंबर की रात को दोनों आरोपियों ने वार्ड दो में स्थित एक सेवा अधिकारी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना का पता 6 दिन बाद तब पता चला जब परिवार घर में दिवाली के लिए वापस आया था। पीड़ित परिवार ने देखा कि चोरों ने घर से करीब 18 लाख रुपए के सोने व चांदी के गहने तथा सात लाख की नकदी पर हाथ साफ किया है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाना नादौन में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को आधार बनाया, वहीं लोगों से की गई पूछताछ में भी कई अहम सुराग हाथ लगने के बाद पुलिस मामले को सुलझाने में कामयाब हुई। जिसके बाद उन्होंने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले की पुष्टि डीएसपी रोहिन डोगरा द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि दोनों ही आरोपी की पेशेवर चोर हैं तथा पहले भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।