Loading...

गहने चोरी के बड़े मामले का आरोपी गिरफ्तार, वॉकी-टॉकी का करता था इस्तेमाल

Shailesh Saini 21 Nov 2025 Edited 21 Nov 1 min read

नाहन में 2015 के चोरी केस में भी संलिप्त था उदघोषित अपराधी
​नाहन

सिरमौर पुलिस ने हाल ही में पुलिस थाना माजरा में दर्ज गहने चोरी के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी नीतीश कुमार पुत्र उमेश कुमार निवासी गाँव कडिया सांसी, जिला राजगढ़, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

​पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्ज़े से वॉकी-टॉकी सेट्स भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक अन्वेषण में यह सामने आया कि यह आरोपी पुलिस द्वारा लोकेशन से पकड़े जाने से बचने के लिए इन वॉकी-टॉकी सेट्स का ही प्रयोग करता था।

​गिरफ्तारी के बाद, इस अभियोग में आरोपी का माननीय न्यायालय से 5 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया। पूछताछ के दौरान यह पता चला कि आरोपी नीतीश कुमार पुलिस थाना नाहन में वर्ष 2015 के एक चोरी के केस में भी संलिप्त था, और उस केस में माननीय अदालत द्वारा उसे उदघोषित अपराधी (पीओ) घोषित किया गया था।

इस खुलासे के बाद, आरोपी नीतीश कुमार के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा जारी आदेशों की अवहेलना करने के अपराध में पुलिस थाना नाहन में अलग से एक और अभियोग पंजीकृत किया गया है।

आरोपी नितेश कुमार को इस नए मामले में भी डिटेन कर लिया गया है।
​खबर की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी द्वारा की गई है।