टिटियाणा के मेधावियों को प्रयास फाउंडेशन की सौगात, शैक्षणिक भ्रमण से बढ़ेगा ज्ञान
हिमाचल नाऊ न्यूज शिलाई
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिटियाणा में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि अधिवक्ता दिनेश सिंह चौहान और विशिष्ट अतिथि पार्वती देवी की उपस्थिति में हुआ। आठ से 14 अक्टूबर तक आयोजित इस शिविर के उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्रयास फाउंडेशन ने ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए शैक्षणिक भ्रमण करवाने की पहल की घोषणा की। इसके तहत टिटियाणा पंचायत के प्रत्येक विद्यालय में आठवीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में पंचायत स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिटियाणा के एनएसएस शिविर की विभिन्न गतिविधियों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी इस पहल का हिस्सा बनेंगे।प्रयास फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मान देना और उन्हें नए अनुभवों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध करवाना है।
शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर विभिन्न विषयों को समझने तथा अपने दृष्टिकोण को व्यापक बनाने का अवसर मिलेगा।विद्यालय के प्रधानाचार्य चेमल सिंह, एनएसएस पुरुष इकाई के प्रभारी गोविंद राम शर्मा और महिला इकाई की प्रभारी कौशल्या देवी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान एवं टिटियाणा पंचायत की पूर्व प्रधान पार्वती शर्मा, पंचायत प्रधान पूनम शर्मा, उपप्रधान दत्ताराम शर्मा सहित देवेंद्र ठाकुर, मनोज पुंडीर, अभी ठाकुर और महेंद्र ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।प्रयास फाउंडेशन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को पहचान देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।