HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में आनी मार्ग पर एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां भांगीड़वार के पास एक बोलेरो कैंपर गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गाड़ी चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतक की पहचान रोशन लाल उर्फ अंकुश (23) सपुत्र कानिया राम गांव लामी डुंगरी पंचायत शिल्ली निवासी आनी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशन लाल गाड़ी में सवार युवक आनी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चवाई के भांगीड़वार के पास पहुंचते ही गाड़ी सड़क से लुढ़क कर करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश करी। लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
जिसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
डीएसपी आनी चन्द्रशेखर कायथ ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
