गहरी खाई में गिरी 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला, दर्दनाक मौत
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा में उपमंडल ज्वालामुखी के तहत गांव पंचायत अलुहा में पशुओं के लिए चारा लेने गई हुई महिला की खाई में गिरने से मौत हो गई है। मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी स्व. मिल्खी राम (60) निवासी गांव अलूहा उमरी डाकघर टिहरी तहसील खुंडियां जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, विमला देवी पशुओं के लिए चारा लेने के लिए गई हुई थी। इस दौरान अचानक ही महिला पहाड़ी से फिसलकर नीचे जा गिरी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हुई, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना खुंडियां की टीम घटना स्थल पर पहुंची और सिविल अस्पताल देहरा में शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।