गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक की मौत, क्रिसमस मनाने मनाली जा रहा था परिवार…
HNN/ मंडी
मंडी स्थित सुंदरनगर में चंडीगढ़-मनाली एनएच पर हराबाग के पास पेश आये एक दर्दनाक सड़क हादसे में चालक की मौत हो गई है। इसके अलावा दंपत्ति सहित बच्चे घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान चेतक सिंह के रूप में हुई है। इसके अलावा 41 वर्षीय किशोरी बाई मोतियानी, 40 वर्षीय गीता मोतियानी, 18 वर्षीय दिमा मोतियानी व 11 वर्षीय रौनक मोतियानी घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवार क्रिसमस मनाने के लिए मनाली जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही टैक्सी (HR61C-8597) चंडीगढ़-मनाली एनएच पर सुंदरनगर के हराबाग के पास पहुंची तो पैरापिट से टकरा गई। पैरापिट से टकराने के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया तथा सभी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया।
यहां पर चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया। खबर की पुष्टि डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने की है।