Accident / पांवटा साहिब में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पूर्व सैनिक की मौत
Accident / सिरमौर जिले के पांवटा साहिब स्थित भूपूर में शुक्रवार को एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 48 वर्षीय पूर्व सैनिक सुखदर्शन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
जानकारी के अनुसार, मृतक सुखदर्शन शर्मा पुत्र राम नाथ सिंह गांव कठाना-जामली, डाकघर सुरला, तहसील नाहन के निवासी थे। वह भूपूर में अपनी जमीन देखने आए थे और बाइक संख्या एचपी 18ए-6774 पर जा रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। पुलिस हादसे से जुड़ी परिस्थितियों और कारणों की जांच कर रही है। सुखदर्शन शर्मा करीब दो वर्ष पहले भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं। उनके निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

