गिफ्ट भेजने के नाम पर शातिरों ने महिला से ठगे 68 हजार रुपए
HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातर बढ़ते ही जा रहे है। पुलिस द्वारा ऑनलाइन ठगी को लेकर लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है परंतु फिर भी लोग ठगी का शिकार हो रहे है। अब एक नया मामला जिला कुल्लू का है, यहां शातिरों ने गिफ्ट के नाम पर महिला से हज़ारों रुपए ठग लिए है।
पार्वती वैली के एक गांव की महिला ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने व धोखाधड़ी करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि पहले एक ठग ने उसे फोन किया और कहा कि मेरे माता-पिता का सड़क हादसे में निधन हुआ है। वह अकेला है और इंगलैंड में रहता है। महिला को ठग ने माता का दर्जा देकर झांसे में लिया और कहा कि वह इंगलैंड से उन्हें गिफ्ट भेज रहा है।
उसने गिफ्ट की शाॅपिंग और मॉल के फोटो व वीडियो भी भेजे। इसके बाद इस शातिर ने कहा कि आपका कोई गिफ्ट आया है और इस गिफ्ट में चैक करने पर इसमें सोना, आई फोन व अन्य कीमती चीजें हैं। यह सारा सामान लाखों रुपए का है।
इसे भारत में एंटर करने के लिए पैसे लगेंगे। शातिरों ने महिला को गूगल पे नंबर भेजकर उससे करीब 16 हजार रुपए लिए। बाद में किस्तों में करीब 52 हजार रुपए और लिए। जिसके बाद ठगी का एहसास होने पर इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।