गौशाला में फंदे पर लटका मिला व्यक्ति, जांच में जुटी पुलिस
HNN / शिमला
राजधानी शिमला के ठियोग में एक व्यक्ति द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 51 वर्षीय सोहन सिंह पुत्र स्वर्गीय मिट्ठू राम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार उनकी गौशाला घर से करीब 400 मीटर दूरी पर है। सोहन ने देर शाम खाना खाया और वह अपने कमरे में चला गया। सुबह जब परिजन उसके कमरे में उसे जगाने के लिए पहुंचे तो सोहन कमरे में नहीं था। उन्होंने आसपास उसकी हर जगह तलाश की लेकिन सोहन का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया।
इसी बीच परिजन जब गौशाला पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि सोहन फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने शव को कब्जे में लिया।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल व्यक्ति द्वारा खौफनाक कदम क्यों उठाया इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।