इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 21 वर्षीय अमनजोत की मौत से गांव में मातम
लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहा था युवक, परिजन विभिन्न अस्पतालों में करवा रहे थे उपचार
हिमाचल नाऊ न्यूज पांवटा साहिब
पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के अकालगढ़, शिवपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। महज 21 वर्ष की उम्र में अमनजोत सिंह की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस इकलौते बेटे को माता-पिता ने बड़े अरमानों से पाला था, उसे हमेशा के लिए खोने के गम ने परिजनों को तोड़कर रख दिया है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान अमनजोत सिंह निवासी अकालगढ़, शिवपुर, पांवटा साहिब के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक पिछले काफी समय से डिप्रेशन से जूझ रहा था। परिजन उसका उपचार करवाने के लिए विभिन्न अस्पतालों में भी ले जा रहे थे। हालांकि, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसके वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के जब परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे, उसी दौरान अमनजोत घर से बाहर निकल गया। कुछ समय बाद जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। जिस घर में कभी बेटे की मौजूदगी से रौनक रहती थी, वहां अब उसकी यादें और गमगीन सन्नाटा रह गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।