ग्राम पंचायत टकारला में भारतीय किसान संघ की बैठक आयोजित,किसानों को अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
ग्राम पंचायत टकारला में भारतीय किसान संघ द्वारा आयोजित बैठक में किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रदेश संगठन मंत्री हरि राम ने किसानों को अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और संगठित होने का संदेश दिया। बैठक में किसान समिति का गठन कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
ऊना
उप-मंडल अंब के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत टकारला में भारतीय किसान संघ हिमाचल प्रदेश द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री हरि राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र के किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, और कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए हरि राम ने किसानों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में किसानों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में संगठित होकर ही इन समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने किसानों को गौ आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया और रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से बचने की सलाह दी।
उन्होंने अपने संबोधन में नशा मुक्त समाज की आवश्यकता पर भी जोर दिया और कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त किसान ही देश की रीढ़ होता है। किसानों को नशे से दूर रहकर अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने की अपील की गई।इस अवसर पर टकारला में किसान समिति का भी गठन किया गया। समिति में संदीप शर्मा को अध्यक्ष, जोगिंदर सिंह को सचिव तथा राजीव शर्मा को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा कमल शर्मा, निर्मल सिंह, रशपाल शर्मा, अनिल ठाकुर, अश्वनी चौधरी और अजय कुमार को समिति का सदस्य बनाया गया।बैठक के अंत में किसानों ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और क्षेत्र में किसान हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।