Loading...

घंडल में एचआरटीसी बस और कार की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

Shailesh Saini • 3 Hours Ago • 1 Min Read

दो महिलाओं समेत तीन ने गंवाई जान, युवक गंभीर घायल; आईजीएमसी के आईसीयू में उपचार जारी

हिमाचल नाऊन्यूज शिमला।

राजधानी शिमला के समीप घंडल में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का आईजीएमसी शिमला के आईसीयू में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर घंडल के समीप बागीपुल से शिमला आ रही एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।मृतकों की पहचान दयानंद (57), उनकी पत्नी हेमलता (52) और दयानंद की माता विद्यादेवी (75) के रूप में हुई है। हादसे में दयानंद का पुत्र मनीश गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका आईजीएमसी के आईसीयू में उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि कार में सवार परिवार सोलन जिले के अर्की क्षेत्र के फान्जी गांव का रहने वाला था। हादसे की सूचना गांव में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।