Loading...

हादसा / 66 केवी तारों में 145 मीटर ऊंचाई पर फंसा रूसी पायलट, चार घंटे बाद सुरक्षित बचाव

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हादसा / मंडी जिले के टांडू और मेहड़ गांव के पास पैराग्लाइडिंग के दौरान संतुलन बिगड़ने से रूसी पायलट अलेक्सेई इवाखिन जमीन से करीब 145 मीटर की ऊंचाई पर 66 केवी की हाइटेंशन बिजली लाइनों में फंस गए। प्रशासन और बचाव दलों ने लगभग चार घंटे तक अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित नीचे उतार लिया।

मंडी

पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे के पास मंगलवार को हुई घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल एनएचएआई के सीधे कार्यक्षेत्र में नहीं था, लेकिन एनएचएआई और फोरलेन निर्माण में लगी गावर कंपनी ने बचाव अभियान में सहयोग किया। गावर कंपनी के डीपीएम सिद्धार्थ और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय के बाद नजदीकी प्रोजेक्ट बेस से हाई-रीच क्रेन मंगवाई गई।

बिजली आपूर्ति बंद कर हाईवे पर रोके बड़े वाहन

पायलट के हाइटेंशन लाइनों में फंसे होने के कारण बचाव अभियान काफी जोखिमपूर्ण था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करवाई और पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी। स्थानीय लोगों ने भी संभावित खतरे को देखते हुए जमीन पर तिरपाल और गद्दे बिछाए। इसके बाद क्रेन की ट्रॉली के माध्यम से बचावकर्मियों को पायलट तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

एसडीआरएफ के जवान नवीन कुमार और गावर कंपनी के प्रशिक्षित कर्मचारी जमशेद अहमद क्रेन की ट्रॉली से पायलट तक पहुंचे। जमशेद अहमद ने तमिलनाडु में इस तरह के बचाव अभियान का विशेष प्रशिक्षण लिया था। उनकी तकनीकी दक्षता और एसडीआरएफ जवानों के प्रयासों से पायलट को तारों से सुरक्षित निकालने में सफलता मिली। इस दौरान क्रेन ऑपरेटर लवप्रीत ने सावधानी के साथ क्रेन का संचालन किया।

मौके पर तैनात रही मेडिकल टीम

बचाव अभियान के दौरान एनएचएआई की एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी घटनास्थल पर तैनात रही। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे। पुलिस, स्थानीय प्रशासन, एनएचएआई, गावर कंपनी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के समन्वित प्रयासों के बाद करीब चार घंटे में रूसी पायलट को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

Related Topics: •