Loading...

सिरमौर में नशे के खिलाफ कार्रवाई, चिट्टे के साथ एक गिरफ्तार; गोली लगने से व्यक्ति की मौत, सड़क हादसे में महिला ने गंवाई जान

Shailesh Saini • 49 Mins Ago • 1 Min Read

पांवटा साहिब में 2.72 ग्राम चिट्टा बरामद, कालाअंब में नशा करते चार युवक पकड़े; जिले में अलग-अलग सड़क हादसों के मामले भी दर्ज

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिला सिरमौर में नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। पांवटा साहिब में पुलिस ने 2.72 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि कालाअंब के मीरपुर कोटला में चार युवकों को नशा करते हुए पकड़ा गया। उधर, शिलाई क्षेत्र में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। इसके अतिरिक्त नाहन, पांवटा साहिब और कालाअंब थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत और कई लोगों के घायल होने के मामले सामने आए हैं।

जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने पुलिस कार्रवाई और विभिन्न घटनाओं की पुष्टि की है। पुलिस सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आगामी अन्वेषण कर रही है।

यमुना ब्रिज के पास चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार

पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने 10 नवंबर को गश्त के दौरान यमुना ब्रिज के समीप एक युवक को 2.72 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार टीम विश्वकर्मा चौक से होते हुए यमुना ब्रिज की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर एक युवक अचानक यमुना पाथ की तरफ मुड़ गया और तेज गति से चलने लगा। पुलिस को देखकर उसने अपनी पैंट की जेब से एक वस्तु निकालकर सड़क किनारे फेंक दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान फेंकी गई वस्तु चिट्टा पाई गई, जिसका वजन 2.72 ग्राम निकला। आरोपी की पहचान राहुल चौहान पुत्र सुरत सिंह चौहान निवासी शिल्ला, तहसील कमरऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

शिलाई में गोली लगने से एक की मौत, दूसरा घायल

पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत कोटी उतरोऊ मोड़ के पास गोली लगने की घटना में खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका भाई रविन्द्र सिंह भी घायल हुआ है। पुलिस को दिए बयान में रविन्द्र सिंह ने बताया कि 10 नवंबर की सुबह करीब 7:20 बजे वह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी लौट रहा था। इसी दौरान धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और पीछे बैठा उसका भाई अचानक मोटरसाइकिल से नीचे गिर गया। खजान सिंह के माथे से खून निकल रहा था। उसे उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

रविन्द्र सिंह के अनुसार घर पहुंचकर जब उसने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला और अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली बरामद हुई। उसके सिर और पीठ पर भी चोटें थीं। उसने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली चलाए जाने का संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

पांवटा साहिब में तीन सड़क हादसे, कई लोग घायल

पुलिस थाना पांवटा साहिब में सड़क दुर्घटनाओं के तीन मामले दर्ज किए गए हैं। पहले मामले में अमरकोट के पास हार्डवेयर की दुकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को एक स्कूटी ने टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर बैठे अंकुर और धर्मेंद्र घायल हो गए। शिकायत के अनुसार स्कूटी चालक मदन लाल निवासी टिक्कर, कुपवी तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चला रहा था।

दूसरी घटना तारूवाला चौक की है। यहां गलत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल ने दूसरी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक घायल हुआ, जिसके सिर पर चोट लगी। शिकायतकर्ता के अनुसार टक्कर मारने वाली मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे, जो मौके से फरार हो गए।

तीसरे मामले में बांगरण चौक के समीप एक टाटा नेक्सॉन कार ने आगे चल रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर सवार अमनदीप और पूजा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने तीनों मामलों में संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

मोगीनंद में बाइक सवार को टक्कर मारकर कार चालक फरार

पुलिस थाना कालाअंब में मोगीनंद के समीप सड़क हादसे का मामला दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता अमित कुमार निवासी नाहन के अनुसार 9 नवंबर की रात करीब 8 बजे वह आदित्य कंपनी रामपुर जटांन से ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। मोगीनंद में अथर्व फिलिंग स्टेशन के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क किनारे गिरकर घायल हो गया। कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। शिकायतकर्ता कार का नंबर नहीं पढ़ पाया। पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश और मामले की जांच कर रही है।

शंभूवाला में सड़क पर बने गड्ढे में गिरा बाइक सवार, महिला की मौत

पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत शंभूवाला में एनएच-07 पर हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार 11 नवंबर की सुबह पांवटा साहिब से नाहन की तरफ आ रही मोटरसाइकिल शंभूवाला में नारियल की रेहड़ी के पास सड़क पर बने गड्ढे में गिर गई। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी महिला उछलकर सड़क पर मुंह के बल गिर गई। महिला ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। उसे उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मोटरसाइकिल चालक की पहचान ध्रुव कुमार पुत्र चमन लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मीरपुर कोटला में नशा करते चार युवक पकड़े

पुलिस थाना कालाअंब की टीम ने 11 नवंबर को मीरपुर कोटला में कार्रवाई करते हुए चार युवकों को नशा करते हुए पकड़ा। आरोपियों की पहचान सूरज ठाकुर निवासी सुरला, नवीन कुमार निवासी सुरला, दीपांशु निवासी जंगलाभूड़ और मयंक निवासी कौलावालाभूड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक सफेद पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली। दोनों वाहनों के दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं थे।

पुलिस के अनुसार चारों युवकों का मेडिकल कॉलेज नाहन में चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया। उनके खून और पेशाब के नमूने सुरक्षित करवाकर ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की गई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिले में एक ही दिन के दौरान नशे से जुड़े मामलों, गोली लगने से हुई मौत और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं के सामने आने से पुलिस के सामने कई चुनौतियां हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है और दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार वाहन चालकों तथा अन्य घटनाओं में संलिप्त लोगों के संबंध में तथ्यों को जुटाया जा रहा है।