घर लौट रहे युवक पर तेंदुए ने किया हमला, दहशत में लोग
HNN / शिमला
राजधानी शिमला में तेंदुए के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। दरअसल, जाखू क्षेत्र में एक होटल कर्मचारी पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले से युवक का हाथ टूट गया। बताया जा रहा है कि घायल युवक विजय देर रात माल रोड स्थित एक होटल से अपने घर की ओर लौट रहा था।
जैसे ही वह जाखू के फाइव बेंच इलाके में पहुंचा अचानक घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से युवक घबरा गया और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। युवक की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने बड़ी मुश्किल से युवक को तेंदुए के चंगुल से छुड़वाया। उसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा युवक को आईजीएमसी ले जाया गया।
उधर, डीएफओ शिमला अनीता भारद्वाज ने स्थानीय लोगों सहित सैलानियों को सतर्क रहने और रात को इस जगह सफर न करने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि शहर का फाइव बैच सैरगाह की जगह है। यहां पहले भी लोगों द्वारा तेंदुए को शाम के समय अक्सर देखा गया है।