घर से बरामद हुई 505 पेटी शराब, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

HNN / ऊना

जिला ऊना के बंगाणा उपमंडल में मंगलवार रात को पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर अवैध शराब का जखीरा बरामद किया था। पुलिस शराब के जखीरे को कब्जे में लेकर इसे थाना ले आई थी। यहां जब इनकी गिनती की गई तो यह 505 पेटी पाई गई। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

बता दें कि इस 505 पेटी में 443 अंग्रेजी, 30 बीयर और 32 देसी शराब की पेटियां थी। हालांकि पुलिस जांच में यह सामने आया है कि यह शराब अभी नहीं बल्कि पुराने समय की है। कुछ शराब की अंतिम तिथि भी निकल चुकी है जबकि कुछ पेटियों में दीमक लगी हुई है।

उधर, पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मुख्य आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।