Loading...

शिमला के निजी होटल में 26 वर्षीय युवक का शव मिला, परिजनों ने उठाए सवाल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 46 Mins Ago • 1 Min Read

शिमला के एक निजी होटल में 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक के परिजनों ने होटल प्रबंधन और उसके साथ ठहरे लोगों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिमला

मृतक की पहचान ननखड़ी के करांगला गांव निवासी उमेश सिंगला के रूप में हुई है। उमेश के मामा देवीलाल के अनुसार, घटना के समय होटल के कमरे में उसके अलावा एक युवती और तीन अन्य युवक भी ठहरे हुए थे। परिजनों का दावा है कि उमेश की मौत देर रात हो गई थी, लेकिन होटल प्रबंधन या कमरे में मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नहीं दी। पुलिस को घटना की जानकारी सुबह छह बजे के बाद दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। दूसरी ओर, परिजनों ने घटनाक्रम और सूचना देने में हुई कथित देरी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Topics: •