घास काट रहे व्यक्ति पर भालू ने किया हमला, बुरी तरह जख्मी

By PARUL Published: 26 Oct 2023, 7:40 PM | Updated: 26 Oct 2023, 7:40 PM 1 min read

HNN/मंडी

जिला मंडी के चौहारघाटी क्षेत्र में ग्राम पंचायत लपास के रोलिंग गांव में घास काट रहे एक व्यक्ति पर भालू ने हमला किया है। हमले में व्यक्ति बुरी तरह घायल हुआ है। घायल की पहचान 64 वर्षीय हरजी राम पुत्र दशोरी राम गांव रोलिंग के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरजी राम सुबह घर से भेख्लीधार स्थान पर घास लेने गया था। जिस दौरान भालू ने उस पर हमला कर दिया। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने भालू को डंडों से प्रहार करके भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह उनको बुरी तरह से घायल कर चुका था।

हमले में भालू ने हरजी राम की टांग, बाजू और हाथ को पूरी तरह से नोच डाला है। जिसके बाद घायल हरजी राम निजी गाड़ी के माध्यम से उपचार के लिए बरोट सीएचसी में लाया गया, जहां पर डॉ. आदित्य ने उनको जोनल अस्पताल मंडी के लिए रेफर कर दिया है।

फिलहाल हरजी राम जोनल अस्पताल मंडी में उपचाराधीन है। वहीं ग्राम पंचायत लपास के प्रधान रमेश ने सरकार से मांग उठाई है कि जल्द ही भालुओं के हमलों को रोकने के लिए कदम उठाए जाएं।