Loading...

चम्बा में एनकॉड बैठक आयोजित, उपायुक्त ने नशा रोकथाम को लेकर विभागों को दिए कड़े निर्देश

PRIYANKA THAKUR 26 Mar 2026 Edited 26 Mar 1 min read

Himachalnow / चंबा

चम्बा में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति बैठक में नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने चिट्टा समेत मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

चम्बा

नशा रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय चम्बा में नार्को समन्वय समिति (NCORD) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए कार्यतंत्र को मजबूत बनाने को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विशेष रूप से स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता बढ़ाने तथा चिट्टा जैसे नशे के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई की समीक्षा

बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सिंह सकलानी ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 से अब तक मादक द्रव्य अधिनियम के तहत 129 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 207 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 47 किलोग्राम चरस, 504 ग्राम चिट्टा/हीरोइन, 31 कैप्सूल, 111 ग्राम अफीम, 18875 पोपी प्लांट और 5,89,997 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से उपायुक्त नूतन महाजन ने बताया कि जिले में 147 वेंड संचालित हैं और निरीक्षण के दौरान 4886.875 बोतल शराब जब्त की गई है। विभाग द्वारा विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है और एक मामले में लाइसेंस निलंबित किया गया है।

नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश

उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ सख्त नीति के तहत कार्य कर रही है और सभी विभागों को समन्वय के साथ अभियान को और प्रभावी बनाना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि नशा तस्करी पर नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी, संयुक्त कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रखें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।