चायल कोटी डिग्री काॅलेज में साईंस विषय आरंभ करने की उठी मांग
HNN/ शिमला
राजकीय डिग्री काॅलेज कोटी चायल में विज्ञान विषय की कक्षाएं आरंभ की जाए ताकि कसुंपटी निर्वाचन के होनहार बच्चे डाॅक्टर, इंजीनिनयर और वैज्ञानिक बनने के लिए आगे बढ़ सके। यह मुद्दा जुन्गा में कसुपंटी जनवादी महिला समिति की बैठक में बड़े प्रभावी ढंग से महिलाओं द्वारा उठाया गया। जिसकी अध्यक्षता राज्य अध्यक्षा डाॅ. रीना सिंह ने की।
बैठक में किसान सभा के राज्याध्यक्ष डाॅ. कुलदीप तंवर भी मौजूद रहे। डाॅ. रीना सिंह ने कहा कि हाल ही में शिमला ग्रामीण के डिग्री काॅलेज धामी में प्रदेश सरकार द्वारा साईंस विषय आरंभ करने की अधिसूचना जारी की गई है। जिसमें साईंस विषय के लिए पांच पद भी सृजित करने का अधिसूचना में प्रावधान किया गया है।
बताया कि डिग्री काॅलेज चायल कोटी वर्ष 2014 में आरंभ हुआ था और धामी डिग्री काॅलेज की घोषणा इसके बाद हुई थी। डिग्री काॅलेज धामी में अपना भव्य भवन बन चुका है और सरकार ने इस डिग्री काॅलेज में साईंस कक्षाएं भी आरंभ करने की अधिसूचना जारी कर दी है।
डाॅ. कुलदीप तंवर ने बताया कि डिग्री काॅलेज कोटी चायल बीते 9 वर्षों से प्रायमरी स्कूल के भवन में चल रहा है। नौ वर्ष की अवधि बीत जाने के बावजूद भी इस काॅलेज का नया भवन नहीं बन सका है और न ही इस काॅलेज में आज तक साईंस कक्षाएं आरंभ हो सकी है।
बताया कि कसुपंटी निर्वाचन में कुल 24 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में से केवल 4 स्कूलों में साईंस विषय पढ़ाया जाता है। इनका कहना है कि कसुपंटी की भांति सिरमौर का रेणुका और शिलाई विधानसभा क्षेत्र काफी पिछड़ा है इसके बावजूद भी रेणुका और शिलाई से हर वर्ष सिविल सेवा, नीट, वैज्ञानिक और इंजीनियर बन रहे है जबकि विशेषकर जुन्गा तहसील की 12 पंचायतों से बीते कई वर्षों से कोई भी युवा किसी भी क्षेत्र. में आगे नहीं बढ़ सका है।
जोकि चिंता का विषय है। बताया कि कसुंपटी विस के अधिकांश स्कूलों में केवल आर्टस विषय पढ़ाया जाता है। आलम यह है कि इन स्कूलों में आर्टस को पढ़ाने के लिए भी स्टाफ की बहुत कमी चल रही है। डाॅ. तंवर ने बताया कि बीते पांच टर्म से कसुपंटी में कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधित्व चल रहा है और अब को काबीना मंत्री भी मिला है।
मंत्री को लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए और विशेषकर कसुपंटी में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना चाहिए ताकि इस क्षेत्र में युवा भी प्रतियोगितात्मक परीक्षाओं में बढ़चढ़ कर भाग ले सके। इस मौके पर मोर्चा की सचिव सीमा चैहान ने भी अपने विचार रखे।