चिंतपूर्णी विस क्षेत्र की मानसी राणा व आदर्श राणा को हिमाचल थ्रो बॉल जूनियर टीम का चुना गया कैप्टन
HNN/ऊना/वीरेंद्र बन्याल
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाली मानसी राणा एवं आदर्श राणा को हिमाचल प्रदेश थ्रो बॉल टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। बॉल फैडरेशन ऑफ इंडिया के सौजन्य से झारखंड के चांडिल में 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय थ्रो बॉल खेल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल की सब जूनियर टीम का चयन प्रक्रिया और अभ्यास मैच का आयोजन हुआ।
जूनियर टीम की लडकियों में मानसी राणा को टीम प्रमुख और आरुषि को उप प्रमुख लड़कों के सब जूनियर में आदर्श राणा को टीम प्रमुख और आदित्या को उप प्रमुख बनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार के सम्मानित एनएसएस वॉलिंटर रिशिव चौधरी उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि खेल से बच्चों का शारीरिक विकास, संज्ञानात्मक विकास, संवेगात्मक विकास, सामाजिक विकास एवम् नैतिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
खेल बच्चों की मानसिक क्षमताओं के विकास में भी एक बड़ी भूमिका निभाते हैं। हिमाचल की टीम 25 दिसंबर को हिमाचल से चांडिल झारखंड में जाएगी। इस अवसर पर खिलाड़ियों को परिचय पत्र भी वितरित किए। थ्रो बॉल के लिए हिमाचल के कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, सोलन, सिरमौर ज़िलों से खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
मानसी राणा तथा आदर्श ने इस उपलब्धि का श्रेय कोच यशवीर सिंह, थ्रो बाल ऐसोसिएशन के पदाधिकारियों को दिया और कहा कि जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। हिमाचल टीम को राष्ट्रीय स्तर पर विजेता घोषित करने के लिए पुरी दमखम लगा देंगे।
सब जूनियर टीम में अनुष्का, आरुषि, अंजलि, मानसी राणा, वर्षा रानी, अंशिका राणा, दीया शर्मा, शिवानी ठाकुर, आकांक्षी, आकृति शर्मा, राधिका शर्मा, कृतिका और लड़कों में अनुराग राणा, आदर्श राणा, करण देव, अभिनव भाटिया, सत्यम शर्मा, भार्गव शर्मा, आदर्श शर्मा, रोहन ठाकुर, आदित्य राणा, अक्षित ठाकुर, पुष्पित, अक्षित शर्मा, आशीष शर्मा, अनुराग शर्मा, ललित चयनित किए गए ।