चिट्टे सहित गिरफ्तार किए 5 युवक, अदालत से मिला इतने दिन का पुलिस रिमांड….
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर में पुलिस ने पांच युवकों को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया था। जिसके बाद पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। बता दें कि इन पांच युवकों में से तीन होशियारपुर जबकि दो हमीरपुर के रहने वाले हैं। यह युवक हमीरपुर शहर में साफ-सफाई का कार्य करते हैं।
जानकारी के मुताबिक, सदर थाना हमीरपुर पुलिस की टीम ने जिला मुख्यालय में वीरवार को पांचों आरोपियों को एक कमरे से नशा करते हुए 28 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़ा था। जिसके बाद उन्होंने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार किया। भारी मात्रा में चिट्टा बरामद होने पर पुलिस की मुख्य तस्कर तक पहुंचने की कोशिश जारी है, हालांकि अभी तक कोई और गिरफ्तारी नहीं हुई है। लेकिन जल्द ही इस मामले में पुलिस बड़े तस्करों को गिरफ्तार कर सकती है।
एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पांचों आरोपियों को 5 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।