चुरूडू में आयुष ग्राम मेला का भव्य आयोजन, विधायक सुदर्शन सिंह बबलू रहे मुख्य अतिथि।
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
चुरूडू में आयोजित आयुष ग्राम मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर आयुर्वेद और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाई। मेले में स्वास्थ्य जांच, स्वर्ण प्राशन और हर्बल प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। इस आयोजन ने ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
ऊना
आयुष मेला: स्वर्ण प्राशन और योग आकर्षण का केंद्र
उपमंडल अंब के अंतर्गत आने वाले गांव चुरुडू में रविवार को आम आयुष ग्राम मेला का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सुदर्शन सिंह बबलू द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत उन्होंने बच्चों को स्वर्ण प्राशन करवाकर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आयुष पद्धतियां न केवल रोगों के उपचार में सहायक हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मेले में स्वर्ण प्राशन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। विशेषज्ञों के अनुसार यह आयुर्वेदिक प्रक्रिया बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, स्मरण शक्ति सुधारने तथा समग्र शारीरिक एवं मानसिक विकास में अत्यंत लाभकारी है। योग सत्र बने आकर्षण का केंद्रयोग एवं प्राणायाम सत्रों में प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया गया। जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कार्यक्रम में मुख़्यतिथि सुदर्शन सिंह बबलू के साथ एसडीएएमओ डॉ राजेश, डॉ भरत भूषण बीएमओ अम्ब राहुल कतना स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी एवं आयुष विभाग से चिकित्स्क एवं अधिकारी मौजूद रहे।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
मेले के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कुल 362 मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। साथ ही संदिग्ध रोगियों के टीबी जांच हेतु एक्स-रे भी किए गए, जिससे ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी।
हर्बल प्रदर्शनी और आयुर्वेदिक उत्पाद
मेले में आयुर्वेदिक औषधियों, हर्बल उत्पादों एवं औषधीय पौधों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे लोगों को इनके उपयोग एवं लाभों की विस्तृत जानकारी मिली। इस अवसर पर चिंचापानक, इम्युनिटी ड्रिंक एवं सत्तू जैसे पारंपरिक एवं स्वास्थ्यवर्धक पेय विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विशेषज्ञों ने बताया कि ये पेय रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, पाचन सुधारने तथा शारीरिक गर्मी से राहत देने में सहायक हैं।स्वयं सहायता समूह की पोषण आहार प्रदर्शनी मेले में स्वयं सहायता समूहों (सेल्फ हेल्प ग्रुप) द्वारा पोषण आहार की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसमें स्थानीय स्तर पर तैयार पौष्टिक खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित किया गया।