छात्रवृत्ति पाने के लिए विद्यार्थियों को मिली तीन महीने की मोहलत
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने बैंक खाते से आधार नंबर जोड़ने के लिए तीन महीने की मोहलत दी है। इससे 11,024 विद्यार्थियों को राहत मिली है। प्री और पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति योजना के तहत 2022-23 और 2023-24 की राशि रोकी गई थी।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन बैंक खातों को आधार से नहीं जोड़ा गया है, ऐसे खातों में छात्रवृत्ति की राशि नहीं दी जाएगी। छात्रवृत्ति आवंटन में फर्जीवाडा रोकने के लिए केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया है।
प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति योजना में 6,549 विद्यार्थियों की राशि रुकी है, जबकि पोस्ट मैट्रिक योजना में 4,475 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिली है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए कहा है।
विद्यार्थियों को इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में बचत खाते खोलने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है, जहां सभी खाते आधार नंबर से जुड़े होते हैं। अगर किसी विद्यार्थी ने तीन माह के बाद भी आधार नंबर को बैंक खातों से नहीं जुड़वाया तो ऐसे मामलों में छात्रवृत्ति जारी नहीं होगी।