छात्र विद्यालय कुल्लू में आयोजित हुई हेल्थ एंड वेलनेस की पांच दिवसीय कार्यशाला

KULLU-2.jpg

HNN/कुल्लू

जिला में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय कुल्लू में हेल्थ एंड वेलनेस की पांच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शिक्षा खंड कुल्लू दो के 82 अध्यापकों ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक और शारीरिक तौर पर कैसे स्वस्थ रखें तथा इंटरनेट पर बच्चों के लिए क्या सही और क्या गलत है, जैसे विषयों पर प्रशिक्षण लिया।

हेल्थ एंड वेलनेस कार्यशाला के समापन से पूर्व तीन सत्रों में अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान पहले सत्र में कार्यशाला के समन्वयक एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रवक्ता जितेंद्र शर्मा ने शिक्षकों को प्रजनन, स्वास्थ्य और एचआईवी की रोकथाम के बारे में जानकारी दी।

कार्यशाला के दूसरे सत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुट्ठी की अध्यापिका शकुंतला ने हिंसा और चोटों के विरुद्ध सुरक्षा एवं संरक्षण विषय पर जानकारी दी। वहीं कार्यशाला के अंतिम सत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पीज के अध्यापक रोहित मेहता ने इंटरनेट, गैजेट्स और मीडिया के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना, विषय पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया।